सदी के महानायक अमिताभ हुए 67 साल के

शनिवार, 10 अक्टूबर 2009


आज सदी के महानायक और बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन का जन्मदिन है। बिगबी ने जीवन के 67 बसंत पार कर लिए हैं। जन्मदिन के मौके पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा है। मुंबई में शनिवार शाम अमिताभ की नई फिल्म 'रण' का First look रिलीज किया गया। इस मौके पर अमिताभ ने जन्मदिन का केक काटा और बचपन की यादों को ताजा किया।
अपने 40 साल के फिल्मी करियर में बिगबी ने हर बुलंदी को छुआ है। लोग उनकी अदा और कला के दीवाने हैं। लेकिन खुद अमिताभ अपनी कामयाबी से संतुष्ट नहीं हैं। बिगबी अपनी बुलंदी का श्रेय अपने माता-पिता को देते हैं। बिगबी के मुताबिक उन्होंने हमेशा मां और बाबूजी से प्रेरणा ली है। जिससे उन्हें मनचाही कामयाबी मिली।
दरअसल अमिताभ आज खुद बुजुर्ग हैं। लेकिन वो अब भी अपने से बड़ों को सम्मान देना नहीं भूलते और उनके तजुर्बों को तरजीह देते हैं। हालांकि वो नई पीढ़ी की कल्पनाओं और जोश के भी कायल हैं। तभी तो वो कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी में खासी संभावनाएं देखते हैं और उनकी सफलता की कामना करते हैं।
आज अमिताभ के जन्मदिन पर फैन उनकी लंबी उम्र की कामना कर रहे हैं। सभी के लबों पर बस यही दुआ है कि सदी के महानायक तुम्हारी चमक कभी फीकी न पड़े। तुम सिनेमा के आकाश में ध्रुव तारे की तरह हमेशा चमकते रहो। आप भी अमिताभ को जन्मदिन का बधाई दे सकते हैं।

0 टिप्पणियाँ: