शाइनी ने बॉलीवुड को किया कलंकित

बुधवार, 17 जून 2009

शाइनी आहूजा की पहचान बॉलीवुड में एक गंभीर एक्टर के रूप में हुआ करता है। कहा जाता है कि वो कोई भी काम को प्रोफेशनल तरीके से करते हैं। लेकिन फिलहाल जो धब्बा उनके ऊपर लगता दिख रहा है। वो सारी छवि को धूमिल कर देता है। दरअसल शाइनी पर नौकरानी के साथ बलात्कार का आरोप लगा है। ये वाकया 14 जनवरी का है।
अदालत में शाइनी बलात्कार की बात से मुकर गए लेकिन पुलिस का दावा है कि शाइनी ने अपनी नौकरानी के साथ बलात्कार की बात कबूली है। पुलिस का दावा है कि खुद शाइनी ने पूरी वारदात का खुलासा किया।
पुलिस के मुताबिक मामला पुलिस के पास पहुंचने से पहले ही शाइनी को इस बात का एहसास हो गया था कि उसने बहुत संगीन जुर्म को अंजाम दिया है और उसकी ये करतूत उसके मुंह पर कालिख पोत सकती है। यही वजह है की शाइनी ने नौकरानी को अपना मुंह बंद रखने के लिए उसे मनाने की हर संभव कोशिश की। इसके लिए शाइनी ने सारे हथकंडे अपनाए। खुद को बचाने के लिए और दुनिया के सामने अपनी साफ-सुथरी छवि बनाए रखने के लिए शाइनी अपना सब कुछ लुटाने के लिए तैयार था।
फिल्म एक्टर शाइनी आहूजा ने शायद रियल लाइफ को रील लाइफ की तरह ही समझ लिया था। फिल्मों में वो जितने कॉन्फिडेंट नजर आते हैं असल जिंदगी में भी उन्होंने वही आत्मविश्वास दोहराना चाहा। लेकिन वो भूल गए कि पर्दे की कहानी और असल जिंदगी की कहानी में बहुत फर्क होता है।
पेज-3 पार्टियों और देर रात तक शूटिंग में व्यस्त रहनेवाले शाइनी आहूजा की पुलिस लॉकअप में रातें मुश्किल से बीत रही हैं। जेल में ना तो एयर कन्डीशन की हवा है और न ही मखमली गद्दे। एशोआराम की जिंदगी बिताने वाला सितारा मामूली से जेल में अपना वक्त बिता रहा है।
मंगलवार शाम को शाइनी को अंधेरी थाने के लॉकअप से ओशिवारा पुलिस स्टेशन बुलाया गया। पुलिस शाइनी से बलात्कार के बारे में पूछताछ करती रही। मानसिक तौर पर थकाने के लिए शाइनी से एक बाद एक सैकड़ों सवालों की बौछार कर दी गई। सवाल कई तरीकों से और कई बार पूछे गए। पुलिस ये जानना चाहती थी की शाइनी के जवाब में कहीं विरोधाभास तो नहीं। इस पांच घंटे के दौरान कई पुलिस अफसर बारी-बारी से शाइनी से सवाल दाग रहे थे।
मुंबई पुलिस की फोरेंसिक टीम ने शाइनी के ओशिवारा स्थित फ्लैट से बेड शीट, तकिये का कवर, तौलिया और बाथरूम से साबुन, बाल्टी और शाइनी के कपड़ों के अलावा अंडर गारमेंटस को भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने पीड़ित लड़की के कपड़ों को भी फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस ने शाइनी का ब्लड और यूरिन टेस्ट भी करवाया है।
टेस्ट के नतीजों को फोरेंसिक टीम के द्वारा सीज़ किए उसके कपड़ों और घर से जब्त दूसरी चीजों से मिले नमूनों से मिलान किया जाएगा और अगर ये सारे सबूत शाइनी के खिलाफ जाते हैं तो उसका जुर्म साबित होने में ज्यादा देर नहीं लगेगी।

0 टिप्पणियाँ: