माइकल जैक्सन बने CNN म्यूजिक आइकन

गुरुवार, 26 अगस्त 2010

माइकल जैक्सन को दुनिया भर के लोगों ने सबसे चहेता सिंगर बनाया है। सीएनएन की एक पोल में दुनियाभर के 20 गायकों को चुना गया था, जिसमें आशा भोसले का भी नाम था। लेकिन आखिरी 5 में आशा ताई अपनी जगह नहीं बना पाईं। सीएनएन के पोल में दुनिया भर से करीब 1 लाख लोगों ने वोट किया।

टॉप 5 गायकों की सूची इस तरह से है। नंबर वन पर रहे किंग ऑफ पॉप माइकल जैक्सन, जिनकी पिछले साल जून में अचानक मृत्यु हो गई थी। दूसरे नंबर पर मशहूर ब्रिटिश बैंड बीटल्स, तीसरे स्थान पर लेसली, चौथे पायदान पर एलविस प्रेसली और पांचवें स्थान पर बॉब मार्ले रहे। हालांकि टॉप 5 में किसी महिला सिंगर को जगह नहीं मिली। मडोना कुछ वोट से छठे स्थान पर रहीं।

पॉप की दुनिया के बेताज बादशाह माइकल जैक्सन, जिनसे डांस स्टाइल का हर कोई दीवाना है। जैक्सन को दुनिया का सबसे कामयाब गायक माना जाता है। उन्होंने करीब चालीस साल तक पॉप की दुनिया पर राज किया। जैको का नाम कई बार गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में लिखा जा चुका है। उन्होंने सबसे ज्यादा 13 बार ग्रैमी अवॉर्ड भी जीता। यही वजह है कि माइकल की मौत के बाद भी वो चाहने वालों के दिलों में जिंदा हैं।